हिमाचल प्रदेश : विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन चुनाव परिणामों ने राज्य में कांग्रेस सरकार के लिए चुनौतियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बार-बार चुनावी असफलताओं के चलते निराश हैं और ईवीएम व निर्वाचन आयोग पर बिना आधार के आरोप लगा रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर ने दिल्ली में पार्टी की सफलता के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की सराहना की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जिस आम आदमी पार्टी का गठन भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष के लिए हुआ था, वही अब भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी हुई है। उन्होंने दिल्लीवासियों को ‘आप’ से निजात मिलने पर भी बधाई दी।
