राजस्थान : जयपुर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार कार सिख समुदाय के नगर कीर्तन में घुस गई, जिससे चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला और एक बच्ची शामिल हैं। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि धार्मिक आयोजन के दौरान यह हादसा हुआ, जब एक थार वाहन ने लोगों को टक्कर मार दी।घटना से गुस्साई भीड़ ने वाहन पर हमला कर उसे नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वाहन पर विधायक का स्टीकर लगा हुआ था, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा, तेज रफ्तार के कारण वाहन के छह चालान किए गए हैं।पुलिस सहायक उपायुक्त लक्ष्मी सुथार के अनुसार, हादसा राजापार्क स्थित पंचवटी सर्किल के पास हुआ। पुलिस ने जब तेज रफ्तार वाहन को रुकने का इशारा किया, तो नाबालिग चालक ने गति बढ़ा दी और नगर कीर्तन में चल रहे लोगों को टक्कर मार दी।टक्कर के बाद भी वाहन नहीं रुका और करीब 100 मीटर आगे जाकर भीड़ ने वाहन को रोका। कार में सवार चार युवक भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लोगों ने चालक को पकड़ लिया। बाकी तीन युवक मौके से फरार हो गए।आदर्श नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है।
