दिल्ली : रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की दुखद घटना के लगभग दो सप्ताह बाद, रेलवे प्रशासन ने दिल्ली मंडल के शीर्ष अधिकारियों में बड़ा फेरबदल किया है। आधिकारिक आदेश के अनुसार, दिल्ली के मंडल रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) सुखविंदर सिंह, अतिरिक्त डीआरएम विक्रम सिंह राणा, स्टेशन निदेशक महेश यादव और वरिष्ठ संभागीय वाणिज्यिक प्रबंधक (यात्री सेवा) आनंद मोहन का स्थानांतरण कर दिया गया है। हालांकि, उनके नई पदस्थापनाओं की घोषणा अभी नहीं की गई है।रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह स्थानांतरण प्रशासनिक आदेशों के तहत किया गया है, हालांकि इसकी समय-सीमा को देखते हुए यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि हालिया भगदड़ की घटना से इसका संबंध हो सकता है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय को इन अधिकारियों की भूमिका में कुछ कमियां नजर आई होंगी, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।डीआरएम सुखविंदर सिंह को जुलाई 2023 में दिल्ली मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और उनका कार्यकाल वर्ष के उत्तरार्ध तक था। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर मध्य रेलवे के पुष्पेश आर त्रिपाठी को दिल्ली का नया डीआरएम नियुक्त किया गया है, जबकि वरिष्ठ अधिकारी समीर कुमार ने विक्रम सिंह राणा का स्थान ले लिया है।रेल मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद यह निर्णय लिया गया है कि पुष्पेश आर त्रिपाठी को उत्तर मध्य रेलवे से स्थानांतरित कर दिल्ली मंडल का नया डीआरएम बनाया जाएगा, जबकि सुखविंदर सिंह के लिए आगे के निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे।
