पश्चिम बंगाल : भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को विपक्षी दलों को तंग करने का कार्य सौंपा है। यह आरोप बंगाल कांग्रेस ने उठाया है, जिसमें इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ बयानबाजी हो रही है। बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए उन्हें भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। शुभंकर सरकार ने लिखा कि हाल ही में ममता बनर्जी ने एक साक्षात्कार में इंडिया गठबंधन का नेतृत्व करने की अपनी इच्छा जताई थी। हालांकि, ममता बनर्जी की गतिविधियों ने कई बार भाजपा को लाभ पहुंचाया है और विपक्षी मोर्चे को संकट में डालने का काम किया है।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी ने भाजपा के 300 सीटों के लक्ष्य को रोकने में अहम भूमिका निभाई थी। कांग्रेस नेता ने यह बताया कि टीएमसी को हर पांच साल में विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान ही भाजपा का सामना करना पड़ता है, जबकि कांग्रेस हर रोज भाजपा और उनके प्रचार का मुकाबला करती है, चाहे वह बूथ, ब्लॉक, जिला या राज्य स्तर पर हो। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई वैचारिक है, क्योंकि भाजपा की राजनीति भारत के लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी सिद्धांतों के खिलाफ है।कांग्रेस ने यह स्पष्ट किया कि पार्टी बिना किसी समझौते के हर मंच पर भाजपा के खिलाफ संघर्ष करती रही है और कभी चुप नहीं बैठी। वहीं, टीएमसी कई अहम मुद्दों पर चुप्पी साधे रही है। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि पार्टी ममता बनर्जी की नेतृत्व की कोशिशों का विरोध करेगी, और यही कारण है कि कांग्रेस ने अब तक टीएमसी के साथ गैर-टकराव की नीति अपनाई थी, लेकिन अब वह आक्रामक रुख अपनाने की दिशा में है।
