दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के चुनावी माहौल में सत्ता विरोधी लहर को सत्ता के प्रति समर्थन में बदलते हुए देश की राजनीतिक संस्कृति में बदलाव किया है। नड्डा ने एक जनसभा के दौरान भाजपा के पक्ष में बढ़ते जनसमर्थन का जिक्र किया और कहा कि मोदी के नेतृत्व में लोग बार-बार भाजपा को विजयी बनाने के लिए उत्साहित हैं।नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को 17 करोड़ (31.30 प्रतिशत) वोट मिले थे, जो 2019 के चुनाव में बढ़कर 22 करोड़ (36.7 प्रतिशत) हो गए। इसके बाद 2024 के आम चुनाव में यह आंकड़ा लगभग 24 करोड़ (37 प्रतिशत) तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि देश के मतदाता मोदी सरकार को बार-बार अधिक जनसमर्थन दे रहे हैं।भाजपा प्रमुख राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर स्वामी विवेकानंद मैदान में आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिपुरा के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। नड्डा ने बताया कि पहले संप्रग सरकार के दौरान त्रिपुरा को कर हस्तांतरण के रूप में लगभग 9,000 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि अब यह बढ़कर 46,500 करोड़ रुपये हो गया है। इसी तरह अनुदान सहायता भी संप्रग शासन के दौरान 31,000 करोड़ रुपये थी, जो अब बढ़कर 54,000 करोड़ रुपये हो गई है।नड्डा ने आगामी दो वर्षों के भीतर त्रिपुरा के चार रेलवे स्टेशनों – अगरतला, उदयपुर, धर्मनगर और कुमारघाट के आधुनिकीकरण की घोषणा भी की। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा प्रशासन में डिजिटलीकरण को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की और बताया कि अब तक राज्य में लगभग 29 लाख सरकारी फाइलों को डिजिटल किया जा चुका है।
