आंध्र प्रदेश : मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को गूगल से विशाखापत्तनम में चिप डिजाइन और निर्माण केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया। स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के दौरान नायडू ने विशाखापत्तनम को चिप डिजाइन के लिए उपयुक्त स्थान बताया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि नायडू ने गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन से विशाखापत्तनम में इस क्षेत्र में संभावनाओं पर विचार करने की अपील की, क्योंकि गूगल अब अपने सर्वर संचालन के लिए चिप्स का निर्माण कर रहा है। नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन और गूगल के अंतरराष्ट्रीय संगठन के प्रमुख आंद्रे नाकाजावा के साथ एक रोमांचक वार्ता हुई। हमने प्रौद्योगिकी में नवीनतम नवाचारों और आंध्र प्रदेश में उपलब्ध बेहतरीन अवसरों पर चर्चा की। हम अपने कुशल युवाओं के साथ तकनीक के भविष्य को एक नई दिशा देने के लिए तत्पर हैं।”
