दिल्ली : विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी में सियासी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ा झटका लगा है। AAP के दो पार्षद और एक पूर्व विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। भजनपुरा से निगम पार्षद रेखा रानी और ख्याला से पार्षद शिल्पा कौर ने भाजपा जॉइन की है। इसके अलावा, 2015-2020 तक घोंडा से विधायक रहे श्रीदत्त शर्मा ने भी AAP से इस्तीफा देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। संजय सिंह के सांसद प्रतिनिधि चौधरी विजेंद्र भी भाजपा में शामिल हो गए। इन नेताओं ने पार्टी के प्रमुख नेताओं हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी और कमलजीत सहरावत की मौजूदगी में भाजपा जॉइन की। इसके पहले, AAP के कुछ और नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी। मॉडल टाउन विधानसभा के कमला नगर वार्ड से दो बार चुनाव लड़ चुके कपिल नागर भी भाजपा में शामिल हो गए हैं, साथ ही 100 से अधिक AAP कार्यकर्ता भी भाजपा का हिस्सा बन गए। इसके अलावा, कई अन्य AAP कार्यकर्ता भाजपा के रमेश बिधूड़ी के साथ भाजपा में शामिल हुए, जो कालकाजी विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार हैं। दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव होगा और वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। इस चुनाव में दिल्ली में सत्तारूढ़ AAP, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय संघर्ष होने की उम्मीद है। कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में निराशाजनक परिणाम मिले हैं और वह एक भी सीट जीतने में सफल नहीं रही है। 2020 के चुनाव में AAP ने 70 में से 62 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा को आठ सीटें मिली थीं।
