महाराष्ट्र : मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार सुबह नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक डॉ. के. बी. हेडगेवार के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद, उन्होंने संघ के दूसरे सरसंघचालक एम. एस. गोलवलकर के स्मारक पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे, और सत्तारूढ़ भाजपा एवं शिंदे नीत शिवसेना के अन्य विधायक भी उपस्थित रहे और उन्होंने डॉ. हेडगेवार और गोलवलकर की समाधि पर श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही, वे संघ के पदाधिकारियों से भी मिले, जिन्होंने उन्हें आरएसएस के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। महाराष्ट्र विधानमंडल का शीतकालीन सत्र इस समय नागपुर में चल रहा है।
