मणिपुर : मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार हिंसा प्रभावित इस पूर्वोत्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने के हरसंभव प्रयास कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि लोग पहले की तरह सौहार्दपूर्वक साथ रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में शांति लाने और समुदायों के बीच पूर्व की भांति सामंजस्य स्थापित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।गौरतलब है कि मई 2023 में मणिपुर में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक 250 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और कई हजार लोग बेघर हो गए हैं।डीजीएआर महिला और पुरुष पोलो चैंपियनशिप 2025 के समापन कार्यक्रम में बोलते हुए मुख्यमंत्री सिंह ने सेना और असम राइफल्स द्वारा विभिन्न खेल आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राज्य में पोलो खेल को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ घोड़ों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि घोड़ों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने यह बात दोहराई कि आधुनिक पोलो खेल की उत्पत्ति मणिपुर से ही हुई है। उन्होंने बताया कि लम्फेलपट में करीब 30 एकड़ क्षेत्र को चारागाह के रूप में आवंटित किया गया है। इसके अलावा इंफाल पूर्वी जिले के पंगेई में भी एक चारागाह समेत अन्य चारागाह विकसित किए गए हैं।
