दिल्ली : विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने निर्वाचन आयोग से नयी दिल्ली विधानसभा सीट के लिए एक स्वतंत्र पर्यवेक्षक की नियुक्ति की मांग की है। अपने पत्र में केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं को इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनकी गिरफ्तारी और संबंधित पुलिस अधिकारियों के निलंबन की मांग भी की है।केजरीवाल ने नयी दिल्ली सीट पर ‘आप’ कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों का उल्लेख किया। हाल ही में रोहिणी क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान आप विधायक मोहिंदर गोयल पर कथित हमला हुआ, जब वे रिठाला विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर 11 में स्थानीय निवासियों से संवाद कर रहे थे। इस मुद्दे पर भाजपा और दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी आयोग को पत्र लिखकर भाजपा पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ता ‘आप’ के प्रचार में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। नयी दिल्ली सीट पर केजरीवाल का मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।