छत्तीसगढ़ : गरियाबंद जिले के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मादा तेंदुआ घायल हो गई है। वन विभाग के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना गरियाबंद-देवभोग मार्ग के उर्तुली मोड़ के पास हुई, जहां सड़क किनारे तेंदुआ घायल अवस्था में पाई गई। तेंदुए की उम्र लगभग डेढ़ से दो साल के बीच अनुमानित की जा रही है।वन विभाग की टीम ने घटना की सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल तेंदुए को वन विश्राम गृह में स्थानांतरित किया। तेंदुए के मुंह पर चोटों के निशान से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह हादसा किसी वाहन की टक्कर के कारण हुआ है। स्थानीय लोगों ने सुबह साढ़े पांच बजे वन विभाग को सूचना दी थी।करीब तीन घंटे की राहत और बचाव कार्य के बाद, पशु चिकित्सक ने तेंदुए को दर्द निवारक और एंटीबायोटिक इंजेक्शन दिए। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए का इलाज रायपुर में किया जाएगा। इस घटना की जांच जारी है।
