महाराष्ट्र : रायगड जिले में स्थित रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के एक संयंत्र में आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले की पुष्टि की।एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, पातालगंगा स्थित लीनियर अल्काइल बेंजीन (एलएबी) संयंत्र में बुधवार शाम आग भड़क उठी। फिलहाल, कंपनी की ओर से इस पर आधिकारिक बयान आना बाकी है।इस हादसे में, आरआईएल के पातालगंगा संयंत्र में रोटोस्टेट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत काम करने वाले 36 वर्षीय दिग्विजय कुमार रामबहादुर सिंह की गंभीर रूप से झुलसने के कारण मृत्यु हो गई। सिंह मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे।इसके अलावा, उत्तर प्रदेश और बिहार से ताल्लुक रखने वाले मनोज कुमार, सनी कुमार सिंह (24), अरुण कुमार रामस्वरूप (30), बलराम (43), सर्वेश कुमार नंदलाल (27) और संजय उपरेदास (26) गंभीर रूप से झुलस गए। इन सभी को इलाज के लिए नवी मुंबई के नेशनल बर्न्स सेंटर में भर्ती कराया गया है।अधिकारी ने यह भी बताया कि आग लगने के कारणों की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। इस घटना को लेकर आरआईएल के एक सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर रसायनी पुलिस थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
