महाराष्ट्र : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और मानवता की सेवा में प्रेरित किया। मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उल्लेख किया कि स्वामी विवेकानंद की प्रेरणा ने दुनिया भर में अनगिनत लोगों को प्रभावित किया। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था। राष्ट्रपति ने कहा, “स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें मेरी गहरी श्रद्धांजलि। स्वामीजी ने भारत के आध्यात्मिक संदेश को पश्चिमी दुनिया तक पहुंचाया और हमारे लोगों में आत्मविश्वास का नया संचार किया।” मुर्मू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करने, राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने और मानवता की सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
