दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15 साल तक शासन करने वाली यह पार्टी 2014 के बाद से किसी भी चुनाव में खाता खोलने में विफल रही है क्योंकि वह केवल नेहरू-गांधी परिवार की सेवा में लगी हुई है।शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) को हराकर करीब 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि ‘आप’ 22 सीटों पर सिमट गई।दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में 15 साल तक सत्ता में रहने के बाद कांग्रेस अब लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में खाता नहीं खोल पाई। इस बार के चुनाव में पार्टी केवल तीन सीटों पर अपनी जमानत बचाने में सफल रही।अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि जब कोई पार्टी केवल एक परिवार की सेवा में लग जाती है, तो उसकी स्थिति कैसी हो जाती है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि एक समय दिल्ली में लगातार 15 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस 2014 के बाद से हुए छह चुनावों में खाता खोलने में नाकाम रही है।उन्होंने आगे कहा कि इस बार के चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस अगर कहीं स्थिर है, तो वह ‘शून्य’ पर है। यह पूरे देश में कांग्रेस की स्थिति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
