उत्तर प्रदेश : अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास की तबीयत अचानक खराब हो गई है, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उच्च रक्तचाप के कारण शाम करीब 7 बजे उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अयोध्या के श्री राम अस्पताल ले जाया गया, जहां से पहले ट्रॉमा सेंटर और फिर लखनऊ के सिटी न्यूरो केयर अस्पताल में रेफर किया गया।सीटी स्कैन में पता चला कि उनके मस्तिष्क में लगभग 17 स्थानों पर रक्त के थक्के जम गए हैं। अयोध्या के न्यूरो सेंटर के डॉक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उनकी हालत चिंताजनक थी, इसलिए बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ भेज दिया गया। लखनऊ स्थित पीजीआई ने हेल्थ बुलेटिन जारी कर जानकारी दी कि उनकी स्थिति गंभीर है और उन्हें न्यूरोलॉजी वार्ड एचडीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है। वे मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं।आचार्य सत्येंद्र दास वर्ष 1992 से राम मंदिर के मुख्य पुजारी हैं। 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद रामलला की तंबू में पूजा में उनकी सक्रिय भूमिका रही। 2020 में रामलला को अस्थायी मंदिर में स्थापित किए जाने के बाद भी वे मुख्य पुजारी के रूप में कार्यरत हैं। हाल ही में 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। बताया जाता है कि इससे पहले भी अक्टूबर 2024 में उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआई) में भर्ती किया गया था। उस समय डॉक्टरों ने न्यूरोलॉजिकल समस्या का संदेह जताया था।