यमुनानगर : प्रयागराज के लिए जल्द ही हरियाणा रोडवेज की बस सेवा शुरू होने की संभावना है। रोडवेज अधिकारी इस सेवा की योजना बना रहे हैं, और सूत्रों की मानें तो फरवरी के पहले सप्ताह में यह सेवा शुरू हो सकती है। इसी के साथ यमुनानगर से पंचकूला के लिए भी सीधी बस सेवा चालू कर दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार, यमुनानगर बस स्टैंड से पंचकूला के लिए बसें सुबह 6:50 और दोपहर 2:00 बजे चलेंगी।कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन के चलते यमुनानगर डिपो की पंचकूला और कालका रूट की बस सेवाएं बंद हो गई थीं। पहले यहां से दोनों रूट पर एक-एक बस चलाई जाती थी। लॉकडाउन के बाद पंचकूला डिपो से केवल सुबह 6:30 बजे की बस आ-जा रही थी, जिससे यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।सीधी बस सेवा न होने के कारण जिले के लोगों को पंचकूला पहुंचने के लिए पहले अंबाला या चंडीगढ़ होकर सफर करना पड़ता था। सरकारी विभागों के मुख्यालय आने-जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस वजह से परेशानी होती थी। इसके अलावा, कालका जी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बसें बदलने में मुश्किलें झेलनी पड़ती थीं।अब नई बस सेवाएं शुरू होने से पंचकूला जाने वाले यात्रियों, सरकारी विभागों के अधिकारियों और कालका जी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली है।