यमुनानगर : जहां एक ओर दिल्ली और हरियाणा सरकार के बीच यमुना नदी के पानी पर विवाद चल रहा है, वहीं हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एक ताजा रिपोर्ट में यमुना नदी के पानी को पूरी तरह से स्वच्छ और शुद्ध बताया गया है। यह पानी दिल्ली को आपूर्ति किया जा रहा है। विभाग ने 15 दिन पहले यमुना और पश्चिमी यमुना नहर के पानी के नमूने लिए थे, जो हथिनी कुंड बैराज और कैनाल रेस्ट हाउस के पास से गुजर रही पश्चिमी यमुना नहर से लिए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन नमूनों में कोई भी घटक निर्धारित मानकों के विपरीत नहीं पाया गया। पानी की शुद्धता की जांच के लिए उसमें पीएच स्तर, कुल निलंबित ठोस पदार्थ, जैविक ऑक्सीजन डिमांड, रासायनिक ऑक्सीजन डिमांड, अमोनिया नाइट्रोजन, नाइट्रेट नाइट्रोजन, और कुल फॉस्फोरस जैसी अन्य बातों की जांच की जाती है।