Suprabhat News

यमुनानगर: चुनाव की तैयारी पूरी, प्रत्याशी नदारद

यमुनानगर : नगर निगम चुनाव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। नामांकन प्रक्रिया 11 फरवरी से शुरू होगी। हालांकि, अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं की है। सत्ता पक्ष भाजपा और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों के चयन पर विचार कर रहे हैं। अनुमान है कि अगले एक-दो दिन में नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। फिलहाल किसी भी पार्टी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के दूसरे बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हुए एक साल से अधिक का समय बीत चुका है। पिछले वर्ष 7 जनवरी को बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो गया था। इसके बाद से ही लोग नगर निगम चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव के कारण इस प्रक्रिया में देरी हुई। अब चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 11 फरवरी से मेयर और पार्षद पद के लिए नामांकन किया जा सकेगा। दावेदार 17 फरवरी तक अपने नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 2 मार्च को मतदान होगा।हालांकि, चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अब तक अधिक सक्रियता नहीं दिखाई है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले तक किसी भी दल ने मेयर पद के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।भाजपा ने मेयर और पार्षद पद के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची बनाई थी। जिला अध्यक्ष इस सूची को लेकर दिल्ली पहुंचे हैं, जहां उम्मीदवार के नाम पर विचार-विमर्श जारी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दो नामों पर असहमति है, जिसके कारण अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उधर, कांग्रेस ने भी शहर में अपने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है। बैठक में मेयर और पार्षद पद के दावेदारों पर चर्चा के बाद नाम पार्टी हाईकमान को भेजे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *