यमुनानगर : पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का प्रभाव मैदानी इलाकों में शीतलहर के रूप में दिखाई दे रहा है। शीतलहर के चलते ठंड में बढ़ोतरी हुई है। बीते दो दिनों से जिले में शीतलहर का असर जारी है। गुरुवार को लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि, इस दौरान अच्छी धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह और शाम के समय शीतलहर के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना कम हो गया है।ठंडी हवाओं से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शहरी इलाकों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगभग 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली और वातावरण में 68 प्रतिशत नमी रही।मौसम विभाग ने अगले सप्ताह और अधिक सर्दी पड़ने की संभावना जताई है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। शीतलहर के कारण लोग घरों से बाहर कम ही निकल रहे हैं। बाजारों में दिन के समय अधिक भीड़ देखी जा रही है, जबकि शाम को ठंडी हवाओं से बचने के लिए लोग जल्दी घर लौट रहे हैं। देर शाम तक गुलजार रहने वाले बाजार अब आठ बजे के बाद खाली नजर आने लगे हैं।ठंडी हवाओं के कारण पैदल चलना और दोपहिया वाहनों का उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है। ठंडी हवा से हाथ-पांव सुन्न पड़ने लगे हैं, जिससे लोग ज्यादातर घरों में ही दुबके रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इस हफ्ते ठंड का प्रकोप अधिक रहेगा और पछुआ हवाओं के चलते सर्दी और बढ़ सकती है। चिकित्सक बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दे रहे हैं।
