मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद कहां रहेंगे अरविंद केजरीवाल? AAP ने केंद्र से कर दी बड़ी मांग

केजरीवाल का इस्तीफा देखा है। उनके इस्तीफे से एक बात तो साबित हो गई है कि केजरीवाल सत्ता या पद के भूखे नहीं हैं।

मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद कहां रहेंगे अरविंद केजरीवाल? AAP ने केंद्र से कर दी बड़ी मांग

दिल्ली : निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपना सरकारी आवास खाली कर देंगे। आम आदमी पार्टी ने इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी। उनकी जगह आतिशी दिल्ली में मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगी। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि आखिले मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद अरविंद केजरीवाल कहां रहेंगे? इसको लेकर आज आम आदमी पार्टी ने बड़ी मांग की है। आम आदमी पार्टी (आप) ने अरविंद केजरीवाल के लिए सरकारी आवास की मांग की और कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी का संयोजक होने के नाते वह इसके हकदार हैं। 

आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि हमने दिल्ली के सीएम और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा देखा है। उनके इस्तीफे से एक बात तो साबित हो गई है कि केजरीवाल सत्ता या पद के भूखे नहीं हैं। उन्हें सिर्फ इस देश की राजनीति में नैतिकता की चिंता है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में गरिमा और नैतिकता चाहते हैं।' उन्होंने अपनी ईमानदारी की 'अग्निपरीक्षा' देने का फैसला किया है। चड्ढा ने कहा कि नके पास कोई संपत्ति या अपना घर भी नहीं है। एक राष्ट्रीय पार्टी के संयोजक के रूप में वह सरकारी आवास के हकदार हैं। केंद्र को उन्हें यह देना चाहिए।

आप नेता ने कहा कि उम्मीद है कि हमें इसके लिए कानूनी लड़ाई नहीं लड़नी पड़ेगी। केजरीवाल ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने का फैसला किया है और वह अपना सरकारी आवास छोड़ देंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अरविंद केजरीवाल 22 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर 'जनता की अदालत' करेंगे। इस दौरान वह लोगों को संबोधित भी करेंगे। दिल्ली के निवर्तमान मुख्यमंत्री उच्चतम न्यायालय के जमानत देने के आदेश के बाद पिछले सप्ताह तिहाड़ जेल से बाहर आये। 

आप नेता गोपाल राय ने कहा कि पिछले 2 साल में अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी की सभी साजिशों को नाकाम कर दिया और अब आमने-सामने की लड़ाई है। अगर अरविंद केजरीवाल को भारी बहुमत से मुख्यमंत्री बनाया जाए तो देश का सम्मान बढ़ेगा और साजिशकर्ताओं के सम्मान को ठेस पहुंचेगी। इसलिए सभी पदाधिकारियों को अरविंद केजरीवाल बनना होगा। गोपाल राय ने आगे कहा कि 22 सितंबर को जंतर-मंतर पर 'जनता की अदालत' लगेगी, जिसे अरविंद केजरीवाल संबोधित करेंगे। आप अपने बूथ-स्तरीय संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में एक भयंकर लड़ाई के लिए तैयारी कर रही है।