केजरीवाल झूठ की राजनीति के प्रतीक : शर्मा

कहा, अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान अरविन्द केजरीवाल कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजनीति में आये थे

केजरीवाल झूठ की राजनीति के प्रतीक : शर्मा

जालंधर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के कुशासन और कांग्रेस की भ्रष्टाचार की राजनीति ने पंजाब में ड्रग्स माफिया को पनपाने, अशांति पैदा करने और युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का महापाप किया है। श्री शर्मा मंगलवार को पंजाब के जालंधर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू के समर्थन में आयोजित राजस्थानी प्रवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान अरविन्द केजरीवाल कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजनीति में आये थे। मगर खुद ताे भ्रष्टाचार में डूब ही गये, साथ ही कांग्रेस से भी हाथ मिला लिया।

श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं जबकि हरियाणा और पंजाब में नूरा-कुश्ती कर रहे हैं। मोदी जी के 10 वर्षों के कार्यकाल में गरीब कल्याण, सीमा-सुरक्षा, आर्थिक विकास और देश को आतंकवाद एवं नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में परिवर्तनकारी निर्णय लिए गए हैं। आतंकवाद की ऐसी कमर तोड़ी गई है कि सभी आतंकवादी भूमिगत हो गए हैं। जबकि वर्ष 2014 से पहले आतंकवादी घटनाएं आम बात थी। रेलवे स्टेशन हों या बस स्टेण्ड, हर जगह बम विस्फोट होते थे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को भ्रष्टाचार का दंश और परिवारवाद का अभिशाप दिया है। कांग्रेस की सरकारों ने गरीब और किसानों को लूटने का काम किया है, लेकिन अब गरीब का पैसा गरीब के पास पूरी ईमानदारी से पहुंच रहा है। मोदी जी ने सभी गरीबाें के खाते खुलवाये हैं जो पहले बैंक की चौखट पर जाने की सोच भी नहीं सकते थे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने भारत की सांस्कतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने का अभूतपूर्व काम किया है। करतारपुरा कॉरिडोर, बाबा विश्वनाथ, साेमनाथ, केदारनाथ एवं बद्रीनाथ मंदिर के विकास कार्य और अयोध्या में राममंदिर के निर्माण से भारतीय संस्कृति का गौरव विश्वभर मे फैला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सभी हिस्साें में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियाें की बदौलत भाजपा इस बार चार सौ का आंकड़ा पार करेगी और मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि गुरूओं की भूमि पंजाब की प्रगति में राजस्थानियों का अहम योगदान है। ये लाेग कई पीढ़ियों पहले राजस्थान से पंजाब आए और अब पंजाब में हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।