बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर नौ बजे तक हुआ 10.58 प्रतिशत मतदान

निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आठ लोकसभा सीटों के लिए सुबह नौ बजे तक लगभग 10.58 प्रतिशत मतदान हुआ

बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर नौ बजे तक हुआ 10.58 प्रतिशत मतदान

पटना : बिहार में सातवें एवं अंतिम चरण के लोकसभा चुनाव में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, जहानाबाद, आरा, बक्सर, काराकाट और सासाराम (सु) संसदीय क्षेत्र में शनिवार को पहले दो घंटे यानी सुबह नौ बजे तक लगभग 10.58 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आठ लोकसभा सीटों के लिए सुबह नौ बजे तक लगभग 10.58 प्रतिशत मतदान हुआ। पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 12.39 प्रतिशत जबकि बक्सर में सबसे कम 8.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, आरा में 9.32 प्रतिशत, जहानाबाद में 12.21 प्रतिशत, काराकाट में 11.75 प्रतिशत, नालंदा में 9.17 प्रतिशत, पटना साहिब में 10.76 प्रतिशत और सासाराम में 11.18 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एच. आर. श्रीनिवासन ने बताया कि इन आठ संसदीय सीटों पर मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है। इन क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा बल के जवान चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रहे हैं। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। भीषण गर्मी के बावजूद मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही है। विशेषकर महिला मतदाताओं में वोटिंग को लेकर खासा उत्साह है। वे अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं।

राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने राजभवन के पास वाले बूथ पर पहुंचकर मतदान किया।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पटना के वेटनरी कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर वोट किया। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने मतदान किया। जहानाबाद से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रत्याशी डॉ. अरुण कुमार अपने गांव मनियावा के बूथ संख्या 44 पर मतदान किया। पूर्व सांसद आर. के. सिन्हा ने पटना साहिब के दीघा विधान सभा के बूथ संख्या 257 पर मतदान किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने अपनी पत्नी पल्लवी सिन्हा के साथ मतदान किया। मतदान करने के बाद पाटलिपुत्र से भाजपा प्रत्याशी रामकृपाल यादव ने गाय को चारा खिलाया।

राजगीर से यहां प्राप्त सूचना के अनुसार, इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के मध्य विद्यालय हैदर चक के बूथ संख्या 159 पर एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार ने अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वह नालंदावासियों से अपील करना चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग घरों से निकले एवं अपने और अपने परिवार के साथ मिलकर मतदान करें और देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। इस चरण के मतदान में 85 लाख एक हजार 620 पुरुष, 77 लाख दो हजार 559 महिला और 415 थर्ड जेंडर समेत कुल एक करोड़ 62 लाख चार हजार 594 मतदाता 16634 बूथों पर वोटिंग कर 12 महिला और 122 पुरुष समेत कुल 134 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।