चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो टीम को बधाई देने बेंगलुरु पहुँचेंगे पीएम मोदी

भारत की कामयाबी की खुशी में होगा भव्य रोड शो, इसरो के बजट में भी हुई वृद्धि

चंद्रयान-3 की सफलता के लिए इसरो टीम को बधाई देने बेंगलुरु पहुँचेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली :  भारत के चंद्रयान-3 की कामयाबी के बाद जहां इसरो को देश-विदेश से बधाइयां मिलने का सिलसिला जारी है वहीं वैज्ञानिकों से मिलकर उन्हें बधाई देने के लिए नेतागण भी इसरो मुख्यालय पहुँच रहे हैं। एक दिन पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इसरो की टीम से मिलकर बधाई दी थी। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विदेश यात्रा से लौटते ही वैज्ञानिकों से मिलने और उन्हें बधाई देने के लिए इसरो मुख्यालय का दौरा करने वाले हैं। हम आपको यह भी बता दें कि मोदी सरकार के कार्यकाल में जहां अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी क्षेत्र के लिए खोलने की बड़ी पहल की गयी वहीं इसरो के बजट में भी भारी भरकम वृद्धि की गयी जिसके शानदार परिणाम देश को देखने को मिल रहे हैं। इसके अलावा यह मोदी सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि भारत ने दूसरे देशों के उपग्रहों का प्रक्षेपण करके 3300 करोड़ रुपए की आय भी की।

जहां तक प्रधानमंत्री के बेंगलुरु कार्यक्रम की बात है तो आपको बता दें कि वह चंद्रयान-3 मिशन के तहत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक लैंडर (विक्रम) को उतारने और वहां रोवर (प्रज्ञान) को तैनात करने का इतिहास रचने वाले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और अधिकारियों को बधाई देने के लिए 26 अगस्त को बेंगलुरु पहुंचेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आर अशोक ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा है कि कर्नाटक भाजपा विशाल रोड शो आयोजित करके प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी 26 अगस्त को आ रहे हैं। हम बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उनका स्वागत करेंगे और एचएएल हवाई अड्डा पर 6000 से अधिक लोग एकत्र होंगे। वह बेंगलुरु के लोगों को संबोधित भी कर सकते हैं। हमारे (भाजपा) राष्ट्रीय नेता संतोष जी (महासचिव बीएल संतोष) ने मुझे पिन्या में एक विशाल रोड शो आयोजित करने के लिए कहा है।’’ अशोक ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के लोगों को अवसर दिया है कि वे अपनी खुशियों को उनके साथ साझा करें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम बेंगलुरु के लोग मोदी का भव्य स्वागत करेंगे क्योंकि इसरो का मतलब बेंगलरु है और बेंगलुरु का मतलब इसरो है। वह यहां इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देने के लिए आ रहे हैं।’’ अशोक ने कहा कि पिन्या के पास लगभग एक किलोमीटर का रोड शो आयोजित करने की योजना है और हवाई अड्डा पर भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए लोगों का जमावड़ा होगा।

हालांकि, प्रधानमंत्री की यात्रा का विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष एजेंसी के अधिकारियों को बधाई देने के लिए उनके यहां इसरो परिसर में स्थित टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) का दौरा करने की संभावना है। हम आपको याद दिला दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ को चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर बधाई दी थी और कहा था कि वह जल्द ही बेंगलुरु पहुंच कर पूरी टीम का स्वागत करेंगे। उन्होंने जोहानिसबर्ग से सोमनाथ से फोन पर बातचीत की थी, जहां वह ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने गये थे। प्रधानमंत्री ने फोन पर बातचीत से पहले वर्चुअल माध्यम से चांद पर चंद्रयान को उतरते देखा था। उन्होंने जोहानिसबर्ग से इसरो के वैज्ञानिकों को संबोधित भी किया था।