चेन्नई ने कोलकाता को 49 रन से हराया

अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची धोनी की टीम

चेन्नई ने कोलकाता को 49 रन से हराया

कोलकाता : आईपीएल के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 49 रनों से मात दे दी है। इस जीत के हीरो अजिंक्य रहाणे, शिवम दूबे रहे, जिन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 235 रन बनाए। ये इस सीजन का सबसे बड़ा स्कोर था जिसे कोलकाता नाइट राइडर्स अपने होम ग्राउंड में भी चेज करने में सफल नहीं हो सकी। चेन्नई की टीम द्वारा बनाया गया आईपीएल में ये तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। 

बड़े स्कोर को चेज करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। पहले ही ओवर में कोलकाता को झटका लगा। सुनील नरेन शून्य के स्कोर पर ही बोल्ड हुए, जिसे आकाश सिंह ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद कोलकाता को दूसरा झटका नारायण जगदीशन के तौर पर लगा जिसे तुषार पांडे ने अपना शिकार बनाया। वो मात्र एक रन पर रवींद्र जडेजा को कैच थमा  बैंठे। इसके बाद कप्तान नीतीश राणा और वेंकटेश अय्यर ने पारी को संभालने की कोशिश की। कोलकाता को तीसरा झटका वेंकटेश अय्यर ने 20 ओवर में 20 रन बनाकर आउट हुए जिन्हें मोइन अली ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया।  इसके बाद चौथा झटका कप्तान नीतीश राणा के तौर पर लगा जो टीम की पारी को संभालने में जुटे हुए थे। रवींद्र जडेजा ने कप्तान नीतीश राणा को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। नीतीश ने 20 गेंदों में 27 रनों की पारी खेली। 71 रन पर ही कोलकाता के चार बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। हालांकि पारी को जेसन रॉय ने संभालने की कोशिश की। उनका साथ दूसरे छोर पर रिंकू सिंह ने दिया। 

ऐसी रही चेन्नई की पारी

अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे के अर्धशतक और दोनों के बीच तेजतर्रार अर्धशतकीय साझेदारी से चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चार विकेट पर 235 रन बनाए। रहाणे ने 29 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से नाबाद 71 रन की पारी खेलने के अलावा दुबे (21 गेंद में 50 रन, दो चौके, पांच छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 32 गेंद में 85 रन की साझेदारी की जिससे टीम ईडन गार्डन्स पर टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इन दोनों की पारियों की बदौलत टीम ने अंतिम आठ ओवर में 126 रन जुटाए। इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे (56) ने भी अर्धशतक जड़ा। कोलकाता के कप्तान नितीश राणा ने टॉस जीतकर सुपरकिंग्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद कॉनवे और गायकवाड़ (35) ने 7.3 ओवर में 73 रन जोडक़र एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 59 रन जोड़े। गायकवाड़ ने उमेश यादव की मैच की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला और फिर इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में छक्का जड़ा। कॉनवे ने भी डेविड वाइसी और वरूण चक्रवर्ती की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। गायकवाड़ ने सुनील नारायण का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन अगले ओवर में सुयश शर्मा की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 20 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और तीन छक्के मारे। कॉनवे ने नारायण पर छक्के और सुयश पर एक रन के साथ 34 गेंद में लगातार चौथा अर्धशतक पूरा किया।

अजिंक्य रहाणे एक बार फिर अच्छी लय में दिखे। उन्होंने सुयश के लगातार ओवरों में चौके मारे। टीम के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन अगले ओवर में कॉनवे वरूण चक्रवर्ती की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लांग ऑफ पर वाइसी को कैच दे बैठे। उन्होंने 40 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के मारे। शिवम दुबे ने 13वें ओवर की अंतिम दो गेंद पर चक्रवर्ती पर छक्के मारे जबकि उमेश के अगले ओवर की शुरुआती तीन गेंद पर रहाणे ने दो छक्के और एक चौका जड़ा। इसी ओवर में दुबे ने भी चौका मारा। दुबे ने वाइसी की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। रहाणे ने आंद्रे रसेल की गेंद पर चौके के साथ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि दुबे ने खेजरोलिया पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। दुबे हालांकि खेजरोलिया की अगली गेंद पर एक और छक्का जडऩे की कोशिश में लांग ऑफ पर जेसन रॉय को कैच दे बैठे। उन्होंने 21 गेंद का सामना करते हुए दो चौके और पांच छक्के मारे। रहाणे ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 19वें ओवर में चक्रवर्ती की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा रविंद्र जडेजा (18) ने अंतिम ओवर में खेजरोलिया पर दो छक्के मारे लेकिन फिर पवेलियन लौट गए। सुयश ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 29 रन देकर एक विकेट चटकाए लेकिन बाकी गेंदबाजी काफी महंगे साबित हुए। खेजरोलिया (44 रन पर दो विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहे।