उर्जावान नायब सैनी संगठन को एक नई दिशा देते हुए बढ़ाएंगे आगे: मुख्यमंत्री मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नायब सैनी और ओम प्रकाश धनखड़ को नया दायित्व मिलने की दी बधाई,नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी बोले : मिशन 2024 को जीतना हमारा लक्ष्य

उर्जावान नायब सैनी संगठन को एक नई दिशा देते हुए बढ़ाएंगे आगे: मुख्यमंत्री मनोहर लाल

चंडीगढ़ : नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय रोहतक पहुंचकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनख़ड़ व नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय सचिव समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं का गुलदस्ता व माल्यार्पण कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी को पगड़ी पहनाई, वहीं राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने प्रदेश अध्यक्ष को गदा देकर उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नए प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को सफल कार्यकाल की बधाई देते हुए कहा कि अभी तक हरियाणा में जितने भी प्रदेश अध्यक्ष बनें हैं सभी ने संगठन को आगे बढ़ाने का काम किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 में भाजपा हरियाणा प्रदेश की मशाल कमला वर्मा के हाथों में आई थी। इस मशाल को आगे बढ़ाते हुए आज 15वीं बार हमारे युवा साथी नायब सिंह सैनी को मिली है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सचिव व निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ को भी उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारी सरकार ने ऐसे काम किए हैं जो 2014 से पहले विपक्ष कभी सोच भी नहीं सकता था। हरियाणा के सामान्य नागरिकों को अपने अधिकारों की जानकारी नहीं होती थी वह अपने अधिकारों के लिए बिलबिलाता रहता था। मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा कि 2014 में हमारी सरकार बनने के बाद जिसका जो अधिकार है उसे मिला और कोई दूसरा उसे छीन नहीं सकता। आगामी चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगला एक साल हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले रोहतक, हिसार, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, पानीपत, करनाल और यमुनानगर के नगर निगम के चुनाव हो सकते हैं जिसके लिए हमें तैयार रहना है।  
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सांसद अरविंद शर्मा, सांसद रमेश कौशिक, सांसद रामचंद्र जांगड़ा, मंत्री मूलचंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, विधायक महिपाल ढांडा व प्रदेश मीडिया व सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


कार्यकर्ताओं को साथ लेकर मिशन 2024 जितना है लक्ष्य: नायब सैनी
कार्यकर्ताओं से मिले प्रेम और सम्मान से गदगद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा और विश्वास जताया है और यह दायित्व दिया है उसको पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। श्री सैनी ने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा पाटी का विस्तार करना उनका उद्देश्य है। कार्यकर्ता भाजपा की आत्मा है, इन्हीं कार्यकर्ताओं को साथ लेकर मिशन 2024 को जितना उनका लक्ष्य है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सैनी ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष के पास कोई बोलने के लिए मुद्दा नहीं हे। विपक्ष सिर्फ झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहा है। सस्ती लोकप्रियता और झूठ के सहारे सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता विपक्ष के इस दुष्प्रचार के आगे एक दिवार की तरह खड़े होंगे जिससे कि कोई दुष्प्रचार करने का साहस नहीं करेगा।

 

कार्यकर्ताओं में मैने सदैव भगवान को देखा: धनखड़
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि मिशन 2024 को सफल बनाने के लिए एक बहुत ही अच्छा चुनाव नायब सैनी का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बोलते हुए कहा कि अगर किसी कार्यकर्ता को मेरे कार्यकाल के दौरान कोई तकलीफ हुई तो मैं सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं से क्षमाप्रार्थी हूं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने अपना सर्वश्रेष्ठ पार्टी को दिया है।

 

छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़ा दायित्व मिलना भाजपा में ही संभव : कृष्णपाल गुर्जर

केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़ा दायित्व मिलना भाजपा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि पार्टी में जो जितना धैर्य रखता है उसका फल भी उसे उतना ही बड़ा मिलता है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी को और ताकत मिलेगी।