ओडिशा की पांच लोस, 35 विस सीटों पर मतदान जारी

ओडिशा में चार चरणों में होने वाले मतदान में दूसरे चरण में लगभग 315 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला तय होगा

ओडिशा की पांच लोस, 35 विस सीटों पर मतदान जारी

भुवनेश्वर : ओडिशा में सोमवार को सुबह सात बजे 11 जिलों की पांच लोकसभा और 35 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हुआ और मतदान शाम छह तक होगा। मतदाताओं को बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों के बाहर लम्बी-लम्बी कतारों में देखा गया है। ओडिशा में चार चरणों में होने वाले मतदान में दूसरे चरण में लगभग 315 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला तय होगा। चुनावी मैदान में उतरे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, उनके मंत्रिपरिषद के छह सदस्य, पूर्व केंद्रीय मंत्री जुएल ओरम और दिलीप रे, पूर्व भारतीय हॉकी टीम के कप्तान दिलीप टिर्की, ओडिशा के चार पूर्व मंत्री और बीजू जनता दल (बीजद), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित तीन प्रमुख राजनीतिक दलों के कई मौजूदा विधायकों के किस्मत का फैसला मतदाता तय करेंगे।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एनबी ढल के मुताबिक 79.62 लाख मतदाताओं में 40,20,383 पुरुष, 39,31,105 महिला और 850 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। सभी मतदाता लोकसभा और विधानसभा के लिए क्रमशः 35 और 265 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। उन्होंने बताया कि कुल 9148 बूथों में से 1090 बूथ शहरी इलाकों में हैं, जबकि 8058 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में हैं। वोटिंग के लिए 60,000 से अधिक मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं। श्री ढल ने कहा कि हालांकि मतदान शाम छह बजे समाप्त होगा, लेकिन सुरक्षा कारणों से 1,689 बूथों पर शाम चार बजे तक और 556 बूथों पर शाम पांच बजे तक मतदान पूरा हो जाएगा। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण शारंगी ने कहा कि ये बूथ वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों कंधमाल, बौध, बोलांगीर और बारगढ़ में स्थित हैं, जहां विशेष परिचालन व्यवस्था शुरू की गई है।

आज जिन पांच लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें पश्चिमी ओडिशा में बारगढ़, सुंदरगढ़ और बोलांगीर और दक्षिणी ओडिशा में कंधमाल और अस्का शामिल हैं, साथ ही इन लोकसभा क्षेत्रों में 35 विधानसभा सीटों पर भी मतदान हो रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने तीन सीटों बारगढ़, सुंदरगढ़ (सुरक्षित) और बोलांगीर में जीत हासिल की थी, जबकि अस्का और कंधमाल लोकसभा सीटें सत्तारूढ़ बीजद के खाते में आईं थी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपनी पारंपरिक विधानसभा सीट हिंजिली, जहां से वह छठी बार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं, और पश्चिमी ओडिशा में कांटाबांजी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वर्ष 2019 के चुनाव में श्री पटनायक ने पश्चिमी ओडिशा की दो विधानसभा सीटों- हिंजिली और बीजेपुर से भी चुनाव लड़ा था। उन्होंने हिंजिली सीट बरकरार रखी और बीजेपुर से इस्तीफा दे दिया था।

पांचवें चरण में पांच लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे सात महिलाओं सहित 37 उम्मीदवारों में से जुएल ओराम (सुंदरगढ़) और संगीता कुमारी सिंह देव (बोलनगीर) मौजूदा भाजपा सांसद हैं, जबकि बीजद के अच्युत सामंत कंधमाल लोकसभा सीट से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। बीजद ने बारगढ़ लोकसभा में अपने मौजूदा सांसद सुरेश पुजारी का टिकट काटकर उन्हें ब्रजराजनगर विधानसभा सीट पर मैदान में उतारा है, जबकि अस्का के मौजूदा सांसद को भी हटा दिया गया है, और इस सीट के लिए पहली बार मैदान में उतारा गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम (भाजपा) ने छह बार सुंदरगढ़ लोकसभा सीट जीती है, उनका बीजद के दिलीप टिर्की से मुकाबला है। चार बार बोलांगीर लोकसभा सीट पर कब्जा करने वाली संगीता कुमारी सिंह देव (भाजपा) का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह भोई से होगा, जो कांग्रेस छोड़कर बीजद में शामिल हो गए हैं।

श्री शारंगी ने कहा कि आज के मतदान के लिए राज्य में लगभग 33,000 बलों को तैनात किया गया है, जिसमें 102 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और ओडिशा सशस्त्र पुलिस बल की 66 प्लाटून शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 47 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 88 पुलिस उपाधीक्षक, 236 निरीक्षक और 2,000 उप-निरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक तैनात किए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि इस चरण में 257 उड़न दस्ते और 251 स्टेटिक सर्विलांस टीमें तैनात की गईं। अंतरराज्यीय सीमा चौकियों पर लगभग 48 सीसीटीवी लगाए गए हैं और राज्य में 93 अंतर्राज्यीय सीमा चौकियां खोली गई हैं।

पांचवें चरण के चुनाव में भाजपा के दिलीप रे सबसे अमीर उम्मीदवार हैं, जिनकी घोषित संपत्ति 313 करोड़ रुपये, उसके बाद बीजद के कलिकेश सिंह देव के पास 73 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के पास 71 करोड़ रुपये और भाजपा की संगीता कुमारी सिंह देव के पास 67.30 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति हैं। ओडिशा में 13 मई को पहले चरण में लगभग 75.68 प्रतिशत मतदान हुआ था, जिसमें सबसे अधिक 82.16 प्रतिशत मतदान नबरंगपुर लोकसभा सीट पर हुआ।