हिमाचल में 14 अक्तूबर से बिगड़ेगा मौसम, चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 13 अक्तूबर की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और 14 से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सक्रिय होने की संभावना है।

हिमाचल में 14 अक्तूबर से बिगड़ेगा मौसम, चार दिन बारिश-बर्फबारी के आसार

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 14 अक्तूबर से मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के 13 अक्तूबर की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और 14 से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से हिमाचल के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 14 से 18 अक्तूबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 15 से 17 अक्तूबर तक राज्य के अधिकांश भागों में बारिश, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 15 व 16 अक्तूबर को कुछ भागों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।  उधर, गुरुवार को प्रदेश में मौसम साफ रहा। वहीं, राज्य के ऊपरी क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड काफी बढ़ गई है।

न्यूनतम तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान, 13.0, सुंदरनगर 11.9, भुंतर 10.7, कल्पा 6.6, धर्मशाला 15.2 , ऊना 14.8, नाहन 18.1, केलांग 3.6, पालमपुर 12.5, सोलन 14.2, मनाली 8.0, कांगड़ा 14.4, मंडी 12.6, बिलासपुर 16.3, चंबा 14.4, डलहौजी 7.6, जुब्बड़हट्टी 14.0, कुफरी 11.9, कुकुमसेरी 3.0, नारकंडा 9.8, रिकांगपिओ 9.8, धौलाकुआं 15.8, बरठीं 15.9, मशोबरा 12.8, पांवटा साहिब 20.0, सराहन 10.0 और देहरागोपीपुर  में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अक्तूबर में पूर्वोत्तर भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। 

अधिकतम तापमान

ऊना में अधिकतम तापमान 34.4, चंबा 29.9, कांगड़ा 30.4, धर्मशाला 29.0, शिमला 24.0, सुंदरनगर 31.4, मंडी 30.8, बिलासपुर 31.6, बरठीं 30.1, भुंतर 31.0, नाहन 29.4, रिकांगपिओ 26.1, मनाली 22.4, सोलन 29 और धौलाकुआं में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार अक्तूबर में देश के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।