समुद्र तट पर बनी ‘दरगाह’ को हटाने का अभियान शुरू

राज ठाकरे ने किया था ‘अवैध’ होने का दावा

समुद्र तट पर बनी ‘दरगाह’ को हटाने का अभियान शुरू

मुंबई- मुंबई के माहिम समुद्र तट पर भारी पुलिस तैनाती के बीच कथित तौर पर अतिक्रमित स्थल पर बनी दरगाह को हटाने का अभियान शुरू हो गया है। इससे एक दिन पहले महाराष्ट्रनवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को गुड़ी पड़वा के मौके पर अपने संबोधन के दौरान एक क्लिप चलाई थी और दावा किया था कि मुंबई के माहिम तट पर एक अवैध दरगाह का निर्माण किया गया है। ठाकरे ने पूछा था कि यह किसकी दरगाह है? क्या यह किसी मछली की है? कुछ साल पहले ऐसा नहीं था। ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर अवैध निर्माण को तुरंत ध्वस्त नहीं किया गया, तो हम उसी स्थान पर एक विशाल गणपति मंदिर बनाएंगे। 

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने अपने ट्वीट में क्या कहा?

बाद में मनसे के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी एक वीडियो साझा किया गया जिसमें कहा गया था, राज साहब (राज ठाकरे) ने आज एक महत्वपूर्ण बात उठाई..देखिए क्या होता है जब सरकार या प्रशासन नजरअंदाज करता है...यहां समुद्र में माहिम के मकदूम बाबा की दरगाह के पास अवैध निर्माण किया जा रहा है।  दो साल पहले यहां कुछ भी नहीं था। यहां एक नए हाजी अली तैयार किए जा रहे हैं। यह दिनदहाड़े हो रहा है, फिर भी पुलिस, नगरपालिका को इसकी भनक तक न लगी?

तत्काल कार्रवाई कर ध्वस्त करें अवैध निर्माण : राज ठाकरे

इसमें आगे कहा गया कि राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई पुलिस कमिश्नर से अनुरोध किया है कि इसे देखने के बाद तत्काल कार्रवाई करें, इस अवैध निर्माण को ध्वस्त करें। अन्यथा हम वहां एक बड़ा गणपति मंदिर बनाएंगे। अब जो होगा वह होगा। ठाकरे ने कहा था, मैं देश के संविधान का पालन करने वाले मुसलमानों से पूछना चाहता हूं कि क्या आप इसकी निंदा करते हैं? मैं बल नहीं दिखाना चाहता, लेकिन जब जरूरत होगी, तो मुझे ऐसा करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि  माहिम में मखदुम बाबा की दरगाह के ‘अवैध दरगाह’ पास है। 

’जावेद अख्तर जैसे मुसलमानों को पसंद करता हूं...’

कई सोशल मीडिया यूजर्स ने राज ठाकरे द्वारा सामने लाई गई फुटेज को साझा किया और कुछ ने दावा किया कि माहिम की रहस्यमय दरगाह गूगल मैप्स पर भी उपलब्ध थी। राज ठाकरे ने कहा कि उन्हें जावेद अख्तर जैसे मुसलमान पसंद हैं, जो पाकिस्तान के खिलाफ बोलते हैं। उन्होंने कहा, मैं जावेद अख्तर जैसे लोगों को पसंद करता हूं। जो भारतीय मुसलमान पाकिस्तान के खिलाफ बोलते हैं और उन्हें हमारी ताकत  बताते हैं, मैं उन्हें पसंद करता हूं। जावेद अख्तर ऐसा करते हैं और मैं उनके जैसे मुसलमानों को पसंद करता हूं।