ओडिशा महिला फुटबॉल टीम ने राष्ट्रीय खेल में जीता स्वर्ण पदक

ओडिशा की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्यारी ज़ाक्सा ने 51वें मिनट में गोल करके ओडिशा को बढ़त

ओडिशा महिला फुटबॉल टीम ने राष्ट्रीय खेल में जीता स्वर्ण पदक

पणजी: ओडिशा की महिला फुटबॉल टीम ने 37वें राष्ट्रीय खेल में मणिपुर को टाई-ब्रेकर में 4-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है।

गोवा के तिलक मैदान में रविवार को खेले गये मुकाबले में निर्धारित समय में 1-1 की बराबरी रहने पर टाई ब्रेकर लागू किया गया। पेनल्टी शूटआउट में ओडिशा ने शक्तिशाली मणिपुर के खिलाफ 4-2 से जीत दर्ज की। यह दूसरी बार है जब ओडिशा ने राष्ट्रीय खेलों में महिला फुटबॉल का स्वर्ण पदक जीता है।

इससे पहले पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद ओडिशा की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्यारी ज़ाक्सा ने 51वें मिनट में गोल करके ओडिशा को बढ़त दिला दी। हालाँकि, मणिपुर ने 79वें मिनट में नोंगमेइकापम सिबानी देवी के माध्यम से गोलकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

टाई-ब्रेकर में ओडिशा के लिए प्यारी ज़ाक्सा, ग्रेस लालरामपारी हौहनार, बान्या कबिराज और एस लिंडा कॉम ने चार पेनल्टी में गोल किए। जबकि मणिपुर की ओर से वांगखेम लिनथोइनगांबी देवी और फानजौबाम निर्मला देवी ही गोल कर सकी।

कांस्य पदक मुकाबले में हरियाणा ने 36वें मिनट में तन्नू के महत्वपूर्ण गोल की मदद से बंगाल को 1-0 से हरा दिया।