महाराष्ट्र में पांचवें चरण में 13 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 264 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है

महाराष्ट्र में पांचवें चरण में 13 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू

मुंबई : महाराष्ट्र में पांचवें और अंतिम चरण में मुंबई, ठाणे और पालघर सहित 13 संसदीय सीटों के लिए सोमवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया और शाम छह बजे तक मतदान होगा। मतदान केन्द्रों के बहार सुबह से ही मतदाताओं को कतार में देखा गया। इन 13 सीटों में से छह मुंबई और मुंबई उपनगरीय जिले से, चार ठाणे और पालघर से और तीन उत्तर महाराष्ट्र क्षेत्र से हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 264 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। सुबह से मतदान केन्द्र के बाहर मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें दिखाई दे रही है। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, फरहान अख्तर, अभिनेत्री जोया अख्तर मुंबई के कुछ शुरुआती लोगों में से हैं, जिन्होंने मतदान शुरू होते ही मतदान किया और लोगों से बड़ी संख्या में घर से बाहर आकर मतदान करने का आग्रह किया।

अभिनेता अक्षय कुमार मुंबई के बूथ पर वोट डालने पहुंचे। उन्हें पिछले साल ही भारत की नागरिकता मिली है। इससे पहले उनके पास कनाडा की नागरिकता थी। अक्षय ने मतदान करने के बाद कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरा भारत विकसित और मजबूत हो। मैंने उसी को ध्यान में रखते हुए वोट किया। मतदाता को उसके लिए वोट करना चाहिए जो उन्हें सही लगता है...मुझे लगता है कि मतदान का प्रतिशत अच्छा रहेगा...।” उद्योगपति अनिल अंबानी मुंबई के बूथ पर वोट डालने पहुंचे। वे आम वोटरों के बीच लाइन में लगे नजर आए। मुंबई दक्षिण, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई उत्तर मध्य, मुंबई दक्षिण मध्य, ठाणे, भिवंडी, कल्याण, पालघर, नासिक, डिंडोरी (एसटी) और धुले के कुल 2.46 करोड़ मतदाता आज मतदान करेंगे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है और शाम छह बजे तक चलेगा।

भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए 'स्वीप' के माध्यम से कई उपाय और पहल लागू की हैं और मतदाताओं से बिना किसी डर और पक्षपात के वोट डालने की अपील की है। साथ ही आयोग द्वारा दिव्यांग मतदाताओं को विधानसभा क्षेत्र के अनुसार निर्धारित रूट पर बेस्ट के माध्यम से व्हीलचेयर सुलभ निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयोग ने मतदान कराने के लिए 41,897 मतपत्र इकाइयों, 24,579 नियंत्रण इकाइयों और 24,579 वीवीपीएटी मशीनों से सुसज्जित कुल 24,579 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। राज्य में पांचवें एवं अंतिम चरण के मतदान के लिए 13 सीटों पर महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है। जबकि वंचित बहुजन अगाधी (वीबीए), एआईएमआईएम और कुछ छोटी पार्टियां भी मैदान में हैं। मुंबई और मुंबई उपनगरीय जिले के अंतर्गत आने वाले छह लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव में महायुति और महाविकास अगाढ़ी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।

मुंबई उत्तर सीट पर केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार पीयूष गोयल कांग्रेस के भूषण पाटिल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह दक्षिण मुंबई में मौजूदा उद्धव बाला साहेब ठाकरे (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत का मुकाबला शिंदे सेना की यामिनी यशवंत जाधव से है। मुंबई उत्तर पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र में रवींद्र वायकर (शिंदे सेना) का मुकाबला यूबीटी के अमोल कीर्तिकर से है। मुंबई नॉर्थ ईस्ट में भाजपा के नए चेहरे मिहिर कोटेचा का मुकाबला यूबीटी के संजय दीना पाटिल से है। जाने-माने वकील उज्ज्वल निकम मुंबई उत्तर मध्य में कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व राज्य मंत्री वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरे हैं, जहां एआईएमआईएम के रमजान अली चौधरी भी टक्कर देने के लिए अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जबकि यूबीटी के वरिष्ठ नेता अनिल देसाई मुंबई दक्षिण मध्य निर्वाचन क्षेत्र में शिंदे सेना के मौजूदा सांसद राहुल शेवाले के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

वहीं ठाणे से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी सहयोगी नरेश म्हस्के, यूबीटी के मौजूदा सांसद राजन विचारे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। मौजूदा सांसद और मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे डॉ. श्रीकांत शिंदे कल्याण लोकसभा क्षेत्र से यूबीटी की लो प्रोफाइल उम्मीदवार वैशाली दरेकर राणे के खिलाफ दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री एवं मौजूदा सांसद कपिल पाटिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद पवार (राकांपा-शरद पवार) गुट के उम्मीदवार सुरेश म्हात्रे के खिलाफ भिवंडी से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। फालघर में भाजपा ने डॉ. हेमंत विष्णु सावरा को मौका दिया है, जिनका मुकाबला यूबीटी के भारती कामडी और हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व वाले बहुजन विकास अगाढ़ी के उम्मीदवार राजेश पाटिल से है। इसके अलावा नासिक में शिंदे सेना के मौजूदा सांसद हेमंत गोडसे यूबीटी के राजाभाऊ वाजे के खिलाफ दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा की स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती पवार डिंडोरी (सुरक्षित) से राकांपा-शरद पवार के उम्मीदवार भास्कर भागरे के खिलाफ फिर से चुनाव लड़ रही हैं। जबकि धुले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा भाजपा सांसद डॉ. सुभाष भामरे राज्य की पूर्व मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार शोभा बच्चव के खिलाफ लड़ रहे हैं। चुनाव आयोग की तरफ से निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लोकसभा की सभी सीटों की मतगणना चार जून को होगी।