भाजपा की सरकार में जितने काम हुए उतने कांग्रेस ने कभी नहीं किए : शिवराज

कार्यक्रम को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया

भाजपा की सरकार में जितने काम हुए उतने कांग्रेस ने कभी नहीं किए : शिवराज

झाबुआ : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में जितने काम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में हुए हैं, उतने काम कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान कभी नहीं किए। चौहान ने यहां भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे पहली बार मुख्यमंत्री बन कर झाबुआ आए थे तो यहां सडक़े नहीं थी, बिजली नहीं, पानी नहीं था, स्कूल नहीं था, छात्रावास नहीं थे। तब हमने बेटियों और बेटों को साइकिल दी, स्कूल खोले, कॉलेज खोले। 

कांग्रेस ने इंजीनियरिंग कॉलेज छीन लिया था, ये ‘मामा’ ने दिया इंजीनियरिंग कॉलेज। आज वे उसी इंजीनियरिंग कॉलेज की बिल्डिंग का उद्घाटन करके जाएंगे। हम सीएम राइसिंग स्कूल खोल रहे हैं, जिसमे सब सुविधाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा की जितने काम हमारी सरकार ने किये, उतने काम कांग्रेस ने नहीं किए। स्व. दिलीप सिंह भूरिया का पेसा एक्ट कानून को भी कांग्रेस ने लागू नहीं किया हमारी सरकार ने लागू किया। मुख्यमंत्री जन आवास योजना हमने बनाई है, जिन लोगों के नाम पीएम आवास में छूट गए है, उनको जोड़ा जायेगा, सर्वे किया जायेगा। लाड़ली बहना को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा की जो बहनें रह गई है उन्हें भी जोड़ा जाएगा। जैसे ही व्यवस्था होती जाएगी, लाड़ली बहना योजना में राशि बढ़ाते जाएंगे।

श्री चौहान ने कहा कि किसान सम्मान निधि भी बढ़ा दी गई है, किसानों को भी 12 हजार दिए जाएंगे। बेटियों को भी लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कॉलेज में जाने पर 12 हजार 500 रुपए दिए जा रहे हैं। जो बच्चे 12वीं में प्रथम आये उनको स्कूटी दी है, यह सब मुख्यमंत्री देता है क्या यह तो ‘मामा’ ही दिलवाएगा। 12वीं में जिसने 75 प्रतिशत बनाएं उन्हें लेपटॉप के लिए 25 हजार दिए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने अपने संबोधन में प्रदेश और केंद्र की सरकार की उपलब्धियां गिनायी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा की हमे सभी बूथ पर चुनाव जीतना है। कार्यकर्ता सम्मलेन में क्षेत्र के सांसद गुमान सिंह डामोर, भानु भूरिया, पूर्व विधायक निर्मला भूरिया, अजजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भाभर, पूर्व जिलाध्यक्ष दौलत भावसार, संगीता सोनी समेत तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।