झारखंड में केवल भाजपा ही घुसपैठ पर रोक लगा सकती है:अमित शाह

श्री शाह ने कहा- ‘मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस अपने शासनकाल में एक भी आदिवासी को राष्ट्रपति क्यों नहीं बना पाई

झारखंड में केवल भाजपा ही घुसपैठ पर रोक लगा सकती है:अमित शाह

खूंटी : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि झामुमो नीत गठबंधन भूमि, खनन और मनरेगा घोटालों में शामिल रहा है लेकिन भाजपा गरीबों का पैसा नहीं लूटने देगा। श्री शाह शुक्रवार को खूंटी के कचहरी मैदान में भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठ के कारण झारखंड की डेमोग्राफी बदल गई है। आदिवासी युवतियों को प्रेम जाल में फंसा कर उनकी जमीन पर कब्जा जमाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही घुसपैठ पर रोक लगा सकती है।

श्री शाह ने कहा- ‘मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस अपने शासनकाल में एक भी आदिवासी को राष्ट्रपति क्यों नहीं बना पाई।’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों को सम्मान देने का काम किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर शहीद बिरसा मुंडा को पूरे देश में सम्मान दिलाने का काम किया।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के बूढ़ा पहाड़ को माओवाद की समस्या से मुक्त कराया। कांग्रेस ने 70 साल तक राम मंदिर बनाने में अवरोध पैदा किए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी ने पांच साल में राम मंदिर का निर्माण करा दिया। कहा कि राहुल गांधी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं आए, क्योंकि उन्हें अपने ‘वोट बैंक’ का डर था। उन्होंने पिछले 5 साल के दौरान खूंटी में किए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए अर्जुन मुंडा को एक बार फिर से जीत दिलाने और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खूंटी में नल जल के माध्यम से लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जाएगा। सभा को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो और पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष करिया मुंडा समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।