इनेलो की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ का 62 वां दिन

इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने आज सोनीपत के विभिन्न गांवों में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए आराेप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी (भाजपा-जजपा) गठबंधन लुटेरों का गिरोह है, जो दोनों हाथों से राज्य को लूट रहे हैं।

इनेलो की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ का 62 वां दिन

सोनीपत, - इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ सोमवार को 62वें दिन में प्रवेश कर गई।

इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने आज सोनीपत के विभिन्न गांवों में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए आराेप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी (भाजपा-जजपा) गठबंधन लुटेरों का गिरोह है, जो दोनों हाथों से राज्य को लूट रहे हैं। अब समय आ गया है जब इन लुटेरों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा कर किसान, कमेरों का राज लाया जाए नहीं तो पूरा राज्य बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य पर वर्तमान में लगभग चार लाख करोड़ का कर्ज है, लेकिन विकास के नाम पर एक ईंट भी नहीं लगी है। भाजपा सरकार ने हालत इतनी खराब कर दिए हैं कि कर्जा चुकाने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है।

उन्होंने इनेलो शासन आने पर सबके कल्याण का वादा किया, वहीं मौजूदा भाजपा-जजपा शासन पर जनता के हितों की अनदेखी एवं तानाशाही तरीके से काम करने के आरोप लगाए और प्रदेशवासियों से सरकार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

श्री चौटाला ने कहा कि हरियाणा परिवर्तन यात्रा को मिल रहे अभूतपूर्व जनसमर्थन से यह तय हो गया है कि राज्य की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है और 2024 में शत-प्रतिशत इनेलो की सरकार बनेगी। इसके बाद लोगों को सरकार के द्वार पर नहीं आना पड़ेगा बल्कि सरकार लोगों के घर-द्वार पहुंचेगी।