कांग्रेस को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए एके एंटनी के बेटे

भाजपा के स्थापना दिवस पर पीयूष गोयल ने दिलाई सदस्यता

कांग्रेस को बड़ा झटका, भाजपा में शामिल हुए एके एंटनी के बेटे

नई दिल्ली : दक्षिण भारत में अपनी पैठ जमाने की कोशिश में जुटी भाजपा को बड़ी कामयाबी मिली है। कांग्रेस के कद्दावर नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अनिल एंटनी को भाजपा के सदस्यता दिलाई। एके एंटनी के बेटे ने उस दिन पार्टी का दामन थामा जिस दिन भाजपा अपना स्थापना दिवस मना रही है। भाजपा में शामिल होने के बाद अनिल एंटनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जबरदस्त तरीके से तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेरा काम राष्ट्रीय के लिए काम करना है। साथ ही साथ उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास देश को लेकर एक साथ दृष्टिकोण है। इस दौरान वी मुरलीधरन भी मौजूद रहे। अनिल एंटोनी ने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं।

अनिल ने इसी साल जनवरी महीने में कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने गुजरात में 2002 में हुए दंगों पर आधारित ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) के वृत्तचित्र को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व दिए जाने को खतरनाक चलन बताते हुए कहा था कि इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। इस प्रतिक्रिया के बाद उन्हें कांग्रेस के भीतर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद उन्होंने पार्टी में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।  एके एंटनी केरल से आते हैं। 2006 से 2014 तक वह देश के रक्षा मंत्री रहे हैं। एके एंटनी को गांधी परिवार का बेहद करीबी माना जाता है। वह कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। देश में सबसे लंबे समय तक रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी एके एंटनी ने ही संभाली है। इसके अलावा वह तीन बार केरल के मुख्यमंत्री रहे हैं और एक बार नेता प्रतिपक्ष रहे हैं।