गुरूग्राम : धार्मिक भावना आहत करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज, दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक शब्द

इरादे से धार्मिक स्थल की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे गए।

गुरूग्राम :  धार्मिक भावना आहत करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज, दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक शब्द

नई दिल्ली : नूहं जिले के तावड़ू में स्थित एक मस्जिद की देखरेख करने वाले व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात स्थानीय लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी तावड़ू शहर पुलिस थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि निजामपुर गांव के निवासी और जुम्मा मस्जिद, कच्चा बाजार, तावड़ू के देखरेख की जिम्मेदारी निभा रहे मोहम्मद फारूक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है।

इस मस्जिद में निर्माण कार्य चल रहा है। फारूक ने शिकायत की है, ‘‘पिछले कुछ दिनों से कुछ शरारती तत्वों द्वारा धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से धार्मिक स्थल की दीवार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे गए।

कई बार मैंने अपने स्तर पर ‘जय श्री राम’ लिखे वाक्यांश मिटाए थे। लेकिन बार-बार आपत्तिजनक शब्द लिखकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है।’’

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि शिकायत के आधार पर तावड़ू शहर पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 295 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 295-ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को अपमानित करने के इरादे से किया गया कृत्य) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।