भाजपा के सात लोग सीएम का सूट सिलवाए, पर शपथ कमलनाथ ही लेंगे : दिग्विजय

भाजपा में मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवारों की सूची है पूरी

भाजपा के सात लोग सीएम का सूट सिलवाए, पर शपथ कमलनाथ ही लेंगे : दिग्विजय

जैसीनगर (सागर) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के सात लोग मुख्यमंत्री पद के लिए सूट सिलवाए हुए हैं, लेकिन प्रदेश में अगले मुख्यमंत्री पद की शपथ कमलनाथ ही लेंगे। सिंह ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवारों की पूरी सूची है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा भी अब इस तैयारी में हैं। भाजपा के सात लोग मुख्यमंत्री पद के लिए सूट सिलवाए हुए हैं, पर अगले मुख्यमंत्री पद पर शपथ ग्रहण कमलनाथ का ही होगा।

इस अवसर पर उन्होंने जैसीनगर के विधानसभा क्षेत्र सुरखी से विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री गेाविंद सिंह राजपूत को भी जम कर निशाने पर लेते हुए उन पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजपूत ना जाने कितना लेकर भाजपा में गए। सुरखी विधानसभा में जनसेवा नहीं धनसेवा चल रही है और नए नए भाजपा में शामिल हुए नेता मंत्री बनकर पुरानी भाजपा को खत्म करने का काम कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि मूल्यांकन उनका हो नहीं सकता। यहां के हर काम में उनका 'कमीशन' कितना है, वो बात सब जानते हैं। व्यापारियों को यहां सरकार के साथ विधायक का टैक्स अलग से देना पड़ता है। सिंह ने कहा कि सुरखी में अब भाजपा के लोग भी दुखी हैं। यहां जनसंघ का प्रचार करने वाले लोग दुखी हैं कि जिन आदर्शों के लिए उन्होंने आरएसएस और जनसंघ का पल्ला पकड़ा, अब वे सब आदर्श चले गए। सुरखी में बस एक ही आदर्श बचा है, वो है वसूली का। सुरखी विधायक राजपूत पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार में मंत्री थे। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद वे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोडऩे वालों में शामिल रहे। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री बनाया गया।