मुख्यमंत्री को अपने मंत्रिमंडल के सदस्य चुनने का अधिकार तक नहीं

मंत्रिमंडल में किसे कौन सा विभाग मिलेगा, इसकी भी सूची दिल्ली से बनकर आती है।

मुख्यमंत्री को अपने मंत्रिमंडल के सदस्य चुनने का अधिकार तक नहीं

भिंड :  मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री को अपने मंत्रिमंडल के सदस्य चुनने तक का अधिकार नहीं है और सारे फैसले दिल्ली से ही होते हैं।

श्री पटवारी कल देर रात भिंड प्रवास के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री को अपने मंत्रिमंडल के सदस्य चुनने तक का अधिकार नहीं है।

मंत्रिमंडल में किसे कौन सा विभाग मिलेगा, इसकी भी सूची दिल्ली से बनकर आती है। भाजपा लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ईवीएम पर शंका है।

श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस को विपक्ष में बैठने का मौका दिया गया है। अब पार्टी की जिम्मेदारी है कि भाजपा के वचनपत्र में जनता से जो-जो वादे किए गए, उन्हें पूरा कराया जाए।उन्होंने भाजपा पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दरकिनार करने का भी आरोप लगाया।

इस दौरान उन्होंने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के हर पद पर रहे हैं और कार्यकर्ताओं का दर्द समझते हैं। जब कोई प्रत्याशी चुनाव हार जाता है तो बूथ स्तर के कार्यकर्ता को कितना दर्द होता है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं का जहां पसीना गिरेगा, वहां हम खून बहा देंगे।