अज्ञात वाहन की टक्कर से टेम्पो में सवार तीन लोगों की मौत, 10 से अधिक घायल

गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जयपुर रेफर किया गया जिसमें से विद्या की रास्ते में मौत हो गई

अज्ञात वाहन की टक्कर से टेम्पो में सवार तीन लोगों की मौत, 10 से अधिक घायल

दौसा : राजस्थान के दौसा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 21 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से टेम्पो में सवार तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई तथा दस से अधिक घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मैजिक टेंपो में सवार सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के हापुड़ और मुरादाबाद के निवासी थे, जो खाटूश्याम के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंगलवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर्राज धरण मंदिर के समीप आगे चल रहे केंटर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। ऐसे में केंटर को बचाने के प्रयास में टेम्पो चालक ने उनका वाहन धीरे कर लिया, लेकिन तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने मैजिक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मारी।

इसके बाद आगे और पीछे चल रहे दोनों वाहन फरार हो गए वहीं टेंपो में सवार महिला बच्चों सहित 15 लोग टेंपो में फंस गए। हादसे की सूचना पर सदर थाना पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में घायल हुए सभी लोगों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान छोटू पुत्र जयपाल और समंत्रा पत्नी ओमप्रकाश की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जयपुर रेफर किया गया जिसमें से विद्या की रास्ते में मौत हो गई।