श्रीकांत भाजपा प्रदेश प्रभारी व संजय होंगे सह प्रभारी

इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं

श्रीकांत भाजपा प्रदेश प्रभारी व संजय होंगे सह प्रभारी

शिमला : श्रीकांत शर्मा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हिमाचल प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है जबकि संजय टंडन सह प्रभारी बनाए गए हैं। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी श्रीकांत शर्मा इस लोकसभा चुनाव में प्रदेश चुनाव प्रभारी थे। इससे पहले वर्ष 2022 के चुनाव में चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी रहे। इसके बाद शिमला नगर निगम के चुनाव के भी प्रभारी रह चुके हैं। वर्ष 2014 में वह लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश प्रभारी थे। उस वक्त यहां पर कांग्रेस की सरकार थी। उसके बाद वह उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य मंत्री बन गए, तो यहां पर मंगल पांडे को प्रभारी बनाया गया था।

वहीं, संजय टंडन पार्टी के प्रदेश के सह प्रभारी पहले से ही हैं। उन्होंने दोबारा इस पद पर तैनाती दी गई है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दोनों नेताओं को बधाई भी दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने बताया कि श्री नड्डा ने शुक्रवार को विभिन्न प्रदेशों के प्रभारियों व सह-प्रभारियों की नियुक्तियां की है। उन्होनें कहा कि चुनाव प्रभारी श्री श्रीकांत शर्मा जी को भाजपा हिमाचल प्रदेश का प्रभारी तथा श्री संजय टण्डन जी को सह-प्रभारी नियुक्त किया है। समस्त भाजपा परिवार श्रीकांत शर्मा व संजय टण्डन जी को बधाई एवं शुभकामनाएं देता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री शर्मा जी दूसरी बार हिमाचल प्रदेश के प्रभारी बने हैं। केन्द्रीय नेतृत्व ने इन्हें इस बार लोकसभा चुनावों के लिए हिमाचल का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया था। इनके मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में में चुनाव लड़ा गया है और भाजपा प्रदेश की चारों सीटें जीतने में सफल हुई। श्री संजय टण्डन जी भी लगातार दूसरी बार हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी बने हैं।

डॉ. बिन्दल ने कहा कि श्रीकांत शर्मा उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री रह चुके हैं तथा वर्तमान में मथुरा विधानसभा से विधायक हैं। डॉ. बिन्दल ने कहा कि इससे पूर्व श्री अविनाश राय खन्ना हिमाचल भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे। उनके मार्गदर्शन एवं राजनैतिक अनुभवों से हिमाचल भाजपा का संगठन और अधिक सुदृढ़ हुआ तथा संगठन शक्ति को बल मिला। हिमाचल भाजपा के लिए उनका योगदान सदैव हमें प्रेरणा देता रहेगा।