सुक्खू ने वनों में सूखे वृक्ष चिह्नित करने के दिये निर्देश

श्री सुक्खू ने कहा कि पेड़ों को प्रतिदिन चिह्नित करने का कार्य वन मंडलाधिकारियों की निगरानी में किया जाएगा।

सुक्खू ने वनों में सूखे वृक्ष चिह्नित करने के दिये निर्देश

शिमला - हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार प्रदेश वन विकास निगम की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को वनों में सूखे वृक्षों को चिह्नित करने के निर्देश दिए।

श्री सुक्खू ने कहा कि पेड़ों को प्रतिदिन चिह्नित करने का कार्य वन मंडलाधिकारियों की निगरानी में किया जाएगा। कोताही बरतने पर राज्य सरकार द्वारा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वन मण्डलाधिकारियों को चिह्नित सूखे पेड़ों की सूची 15 जून तक प्रदेश राज्य वन निगम को भेजने के निर्देश दिए, ताकि इन्हें समय पर काटा जा सके।

उन्होंने कहा कि सूखे पेड़ों को काटने में देरी के कारण ये पेड़ जंगलों में ही सड़ जाते हैं, जिसके कारण प्रदेश को प्रतिवर्ष एक हजार करोड़ रुपये का नुकसान होता है। उन्होंने अधिकारियों को इस प्रक्रिया में तेज़ी लाने के निर्देश दिए ताकि अवैध कटान पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने वन निगम के अधिकारियों की शक्तियों का युक्तिकरण करने के निर्देश दिए,ताकि इमारती लकड़ी को वन निगम के नज़दीकी डिपो तक ले जाने की प्रक्रिया में तेज़ी लाई जा सके।

श्री सुक्खू ने अधिकारियों को आज की बैठक में लिए निर्णयों की समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।