3 सीएम और बहन प्रियंका के साथ कोर्ट पहुंचेंगे राहुल गांधी

भाजपा ने किया जबरदस्त वार, आदेश के खिलाफ सत्र अदालत में अपील दायर करेंगे

3 सीएम और बहन प्रियंका के साथ कोर्ट पहुंचेंगे राहुल गांधी

नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व लोकसभा सांसद राहुल गांधी सोमवार को गुजरात के सूरत में एक निचली अदालत के आदेश के खिलाफ सत्र अदालत में अपील दायर करेंगे। इसे कांग्रेस की ओर से भव्य बनाने की कोशिश की जा रही है। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी कोर्ट में बहन प्रियंका गांधी और कांग्रेस शामित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ पहुंचेगे। इसको लेकर भाजपा हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार नहीं बल्कि कई बार पिछड़ो का अपमान करने का काम किया है। दुख इस बात का है कि कांग्रेस ने माफी मांगना तो दूर, दबाव बनाने और डराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब 3 वर्ष थे तब तो इनके साथ कोई नहीं गया। अब राज्य के मुख्यमंत्रियों को काम-काज छुड़ाकर, इस काम पर लगाया है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि जब आपका ट्रायल चला तब आपने क्यों नहीं किया, आप अब डराने के लिए ये जो नाटक कर रहे हैं मैं इसका खंडन करता हूं। उन्होंने कहा कि कोर्ट जब आपको दोषी करार दे दिया इसके बाद आप यह ड्रामा कर रहे है तो आप कोर्ट पर दबाव बनाने के लिए ही कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगया कि कांग्रेस पार्टी पूरे के पूरे परिवार को देश से ऊपर मानती है। भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह क्या मतलब है कि मुख्यमंत्री कोर्ट में जा रहे हैं। यह नई परंपरा (को शुरू कर रहे हैं जो) दुर्भाग्यपूर्ण, शर्मनाक है। मुख्यमंत्री के रूप में मोदी जी से पूछताछ हुई थी तो क्या कार्यकर्ता निकले थे? 

भाजपा नेता ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दामाद जी (रॉबर्ट वाड्रा) से पूछताछ होती तो सब कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ पर आ जाते हैं। यह दरबारी संस्कृति है जो दुर्भाग्यपूर्ण है और न्याय व्यवस्था का अपमान है। अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि 2019 में कोलार में कौन बोला, राहुल गांधी बोले। भाजपा ने बोलने के लिए कहा था क्या? लंदन में जाकर कौन बोला? अब आप(राहुल गांधी) बोलोगे तो भुगतोगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कोई भी न्यायपालिका पर दबाव नहीं डाल सकता है। क़ानून के आधार पर न्यायालय काम करते हैं। राजनीतिक ड्रामा खड़ा करने वाली बात नहीं है। कांग्रेस पार्टी उनका परिवार है और परिवार का उनके साथ जाने में हर्ज़ क्या है?