कटारिया के निधन से पार्टी और देश की राजनीति को भारी क्षति - विज

श्री विज ने श्री कटारिया के निधन की जानकारी मिलते ही अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए और उनके अंतिम दर्शन के लिए पंचकुला पहुंचे।

कटारिया के निधन से पार्टी और देश की राजनीति को भारी क्षति -  विज

चंडीगढ़ - हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को सांसद रतन लाल कटारिया के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी और देश की राजनीति को भारी क्षति पहुंची है, उनकी कमी को पूरा करना बहुत मुश्किल है।

 

श्री विज ने श्री कटारिया के निधन की जानकारी मिलते ही अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए और उनके अंतिम दर्शन के लिए पंचकुला पहुंचे। उन्होंने कहा कि श्री कटारिया पार्टी के कद्दावर नेता थे और उनके बहुत अच्छे मित्र रहे हैं।

 

उन्होंने कहा, “सन 1987 में श्री कटारिया विधायक थे और 1990 में वह भी विधायक बने थे। विधानसभा की जो समितियां होती थी, वह बाहर के प्रदेशों में अध्ययन के लिए जाती थी और हम साथ-साथ बाहर जाते थे। रतनलाल कटारिया हंसमुख नेता थे और वह गंभीर से गंभीर स्थिति में भी लोगों का मूड हंसी-मजाक से ठीक कर देते थे।

 

श्री विज ने पुराना किस्सा बताते हुए कहा कि सन 1991 के चुनाव में जब पार्टी हरियाणा में हारी, तब डा. मंगलसेन जी पार्टी अध्यक्ष थे और उन्होंने हार पर मंथन के लिए बैठक बुलाई थी और तब माहौल गमगीन था। उस समय श्री कटारिया ने जब अपना अनुभव बताया तो सारे ठहाके मारकर हंसने लगे।

 

गौरतलब है कि श्री कटारिया(72) का आज सुबह यहां पीजीआई अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे।