मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल ने किया स्वीकार

बेदी फिर से राजनीतिक रूप से सक्रिय होकर 2024 में होने वाले चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाह रहे हैं

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी ने दिया इस्तीफा, राज्यपाल ने किया स्वीकार

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री मनोहर लाल के पॉलिटिकल सेक्रेटरी कृष्ण बेदी ने इस्तीफा दे दिया है। इसको लेकर सीएमओ में हलचल बढ़ गई है। हालांकि सीएम मनोहर लाल इन दिनों कुरुक्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम में व्यस्त हैं। इस कारण से अभी उनके इस्तीफे को लेकर कोई फैसला नहीं हो पाया है। अब चर्चा यह है कि बेदी फिर से राजनीतिक रूप से सक्रिय होकर 2024 में होने वाले चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाह रहे हैं। इसलिए उनके संगठन में जाने की भी चर्चाएं जोरों पर हैं।

हरियाणा में 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में कृष्ण बेदी शाहाबाद विधानसभा से विधायक बनकर आए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दिया था। इसके बाद वह 2019 में भी चुनाव लड़े, हालांकि इस चुनाव में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा। चूंकि बेदी सीएम के काफी करीबी माने जाते हैं, इसके बाद उन्हें सीएम ने अपना पॉलिटिकल सेक्रेटरी नियुक्त कर दिया।

बेदी की गिनती सीएम मनोहर लाल के विश्वासपात्रों में होती रही है। यही कारण है कि 2014 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार ही बेदी को सीएम ने अपनी सरकार में राज्य मंत्री नियुक्त किया। इसके बाद 2019 में उन्हें सीएमओ में स्थान दिया , जिसके बाद से लगातार बेदी शाहाबाद क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। उनके इस्तीफे के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि वह संगठन में सक्रिय होकर फिर से 2024 में टिकट को लेकर भाग दौड़ शुरू करेंगे। 2019 में वर्तमान सरकार में सहयोगी जेजेपी के शाहाबाद से विधायक रामकरण काला का बेदी से छत्तीस का आंकड़ा है। आए दिन दोनों एक दूसरे पर किसी न किसी बात को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहते हैं। हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनावों में जजपा विधायक रामकरण काला ने कृष्ण बेदी पर आरोप लगाए थे कि वह उनके काम में बाधा डालते हैं।