संकल्प यात्रा से आमजन को मिल रहा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

10वें दिन यात्रा में लोगों की रही शानदार भागीदारी, 74 हजार से ज्यादा लोग यात्रा से जुड़े

संकल्प यात्रा से आमजन को मिल रहा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

चंडीगढ़ : हरियाणा में 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग इस यात्रा से जुड़ रहे हैं और विकसित भारत का संकल्प लेकर भारत को एक मजबूत, समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। दसवें दिन की यात्रा में 62 हजार से ज्यादा लोगों ने विकसित भारत का संकल्प लिया। यह संकल्प लोगों को सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से मजबूत बनाने का प्रयास है और सभी नागरिकों को समृद्ध भविष्य की दिशा में एक साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है।
यात्रा के 10वें दिन 9 दिसंबर को प्रदेशभर में 127 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए जिसमें 74 हजार से ज्यादा लोगों की भागीदारी रही। यात्रा के दौरान 20 हजार से ज्यादा लोग हेल्थ कैंपों में पहुंचे और अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाई। 13785 लोगों की टीबी की स्क्रीनिंग की गई। यात्रा के दौरान 161 लोगों ने आयुष्मान कार्ड शिविर का लाभ उठाया, 165 लोग आधार कार्ड कैंप में पहुंचे और 97 किसानों ने नेचुरल फार्मिंग से संबंधित जानकारी ली। वहीं सैकड़ों लाभार्थियों का पीएम उज्ज्वला योजना के लिए रजिस्ट्रेशन किया गया।
स्थानीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियां सम्मानित
यात्रा में जनभागीदारी बढ़ाने व समाज के लिए अच्छा कार्य करने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। दसवें दिन 990 मेधावी छात्रों, सामाजिक कार्य करने वाली 747 महिलाओं, 260 स्थानीय खिलाड़ियों और 231 लोक कलाकारों को सम्मानित किया गया। विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए सुनिश्चित किया जा रहा है कि पात्र लाभार्थियों को सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं और योजनाओं के बारे में सही जानकारी मिले ताकि वे इनका सही तरीके से लाभ उठा सकें। यह यात्रा पूरे राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने में कामयाब साबित हो रही है।