नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

इस दौरान कई लोगों के घरों की तलाशी ली गई। लेकिन तलाशी के दौरान कही से भी कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ।

नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

रादौर - रादौर पुलिस व एंटी नारकोटिक्स सेल की ओर से वीरवार को शहर के छोटाबांस में स्थित डेहा बस्ती में नशीले पदार्थ पकडऩे के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत थाना रादौर प्रभारी कमलजीत सिंह व एएनसी प्रभारी प्रमोद वालिया की देखरेख में चलाए गए अभियान में 15 से अधिक पुलिस के कमांडो, महिला पुलिस कर्मचारी व रादौर पुलिस के कर्मचारियों ने नशीले पदार्थ पकडऩे के लिए तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान कई लोगों के घरों की तलाशी ली गई। लेकिन तलाशी के दौरान कही से भी कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ। इस दौरान पुलिस ने बस्ती से बिना नंबर की 2 बाइक जब्त की। नशीले पदार्थ पकडऩे के लिए पुलिस द्वारा लगभग 2 घंटे चलाए गए अभियान से नशा तस्करों में हडकंप मचा रहा। पुलिस के अभियान के दौरान अधिकतर घरों से पुरुष गायब रहे। घरों में केवल महिलाएं ही दिखाई दी।

पुलिस के अभियान के दौरान बस्ती में लोगों द्वारा पाले गए कुत्तों ने जरूर अभियान में कुछ बाधा डाली। पुलिस के अभियान के दौरान बस्ती में मौजूद भारी संख्या में कुत्ते अडचन बने रहे। जिससे अभियान चलाने में पुलिस को दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस बारे डीएसपी रादौर गुरमेल सिंह ने बताया कि आज बस्ती में चलाए गए अभियान के दौरान 2 बिना नंबर की बाइके बरामद की गई है। नशा तस्करों के विरूद्ध पुलिस का तलाशी अभियान लगातार जारी रहेगा। जनता इसमें पुलिस का सहयोग करे। जिससे नशे पर अंकुश लगाया जा सके।