पूर्व सीएम ने सुक्खू सरकार पर जड़ा निशाना

बोले-हर महीने 1500 करोड़ का लोन ले रहे इस हालात में हिमाचल के हालात श्रीलंका तैसे बनने तय

पूर्व सीएम ने सुक्खू सरकार पर जड़ा निशाना

शिमला- भाजपा ने कर्ज पर कर्ज लेने के लिए प्रदेश सरकार को आड़ हाथों लिया है। भाजपा का कहना है कि सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार यदि इसी स्पीड से लोन लेती रही तो एक दिन हिमाचल के हालात श्रीलंका जैसे बनने तय हैं। यह हिमाचल और यहां के लोगों की बदनसीबी होगी। बीजेपी विधायक दल के नेता और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार पर ज्यादा लोन लेने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। सीएम सुखविंदर सुक्खू को घेरते हुए जयराम ने कहा कि उनकी सरकार ने 3 महीने के छोटे से कार्यकाल में ही 4500 करोड़ रुपए का कर्ज ले लिया। कर्ज लेने की यही स्पीड रही तो इस सरकार को हर साल 18 हजार करोड़ रुपए का लोन लेना पड़ेगा। जयराम ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपनी गारंटिया कहां से पूरी करनी हैं? यह देखना सरकार का काम है।

कांग्रेस की देनदारियां हमने की चुकता

जयराम ठाकुर ने कहा कि देनदारियां हमेशा कैरी फॉरवर्ड होती हैं। कांग्रेस सरकार की देनदारियों को हमने चुकता किया, लेकिन कभी भी इसका जिक्र नहीं किया। नेता प्रतिपक्ष ने इस बात पर खेद जताया कि मौजूदा सरकार ने एमएलए डेवलपमेंट फंड का पैसा रोक दिया। इससे लोगों के विकास कार्य रुक गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल सरकार इसी महीने 2000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त ऋण लेने जा रही है। अभी हिमाचल में कांग्रेस को सत्ता संभाले 3 महीने हुए हैं। इस दौरान सरकार ने दिसंबर में 1000 करोड़, जनवरी में 1500 करोड़ और फरवरी में 2000 करोड़ का लोन ले लिया है। कश्यप ने कहा कि कुल मिलाकर सुक्खू सरकार महज तीन महीने में 4500 करोड़ रुपए का लोन ले चुकी है। अगर हर महीने यह सरकार 1500 करोड़ का कर्ज लेती रही तो 12 महीने में राज्य की जनता पर 18 हजार करोड़ रुपए का लोन चड़ जाएगा।