सियासी रोटी सेंकने की बजाय पीड़ितों को न्याय दिलायें: शिवपाल

भाजपा विधायक शलभ मणि ने कहा अगर उनकी हैसियत है तो एक हजार जांच करा लो

सियासी रोटी सेंकने की बजाय पीड़ितों को न्याय दिलायें: शिवपाल

लखनऊ : देवरिया में पिछले दिनो छह लोगों की हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के बयान पर पलटवार करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इस मामले मे सियासी रोटी सेंकने के बजाय प्रशासन की जवाबदेही तय की जानी चाहिये। श्री यादव ने सोमवार को एक्स (पूर्व में ट्वीट) किया “ देवरिया कांड पर मा विधायक कह रहे हैं कि अगर सपा की हैसियत है तो उनकी एक हजार जांच करा ले। विधायक जी,सपा तो विपक्ष में है।”
उन्होने कहा “ आप सियासी रोटी सेंकना बंद कर प्रशासन की जवाबदेही व जिम्मेदारी तय करा लें और अगर पीड़ितों को निष्पक्ष न्याय दिलाने की आप में हैसियत हो तो न्याय जरूर दिला दें।” गौरतलब है कि पिछली दो अक्टूबर को जमीनी विवाद मेे एक परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुये भाजपा विधायक शलभ मणि ने कहा था कि समाजवादी पार्टी के गुंडे उन पर आरोप लगाते हैं। वह चुनौती देते है कि अगर उनकी हैसियत है तो एक हजार जांच करा लो। प्रदेश की जनता ने सपा का गुंडाराज देखा है। हम उनकी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं।