पवार ने भूस्खलन से लोगों की मौत पर जताया शोक

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को संकट का सामना करना पड़ा

पवार ने भूस्खलन से लोगों की मौत पर जताया शोक

मुंबई : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने गुरुवार को भूस्खलन के कारण हुयीं मौते पर दुख व्यक्त किया और कहा कि खालापुर के इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन की घटना बेहद दुखद है। पवार ने ट्वीट किया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को भारी संकट का सामना करना पड़ा है। हम पीडि़तों का दुख साझा करते हैं। उन्होंने राज्य सरकार से अनुरोध करते हुए कहा कि मलबे में फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित निकालने के लिए संबंधित घटना स्थलों पर युद्ध स्तर पर आपातकालीन राहत एवं बचाव अभियान चलाया जाए।

गौरतलब है कि मूसलाधार बारिश के कारण कल रात करीब 11 बजे इरशालवाड़ी गांव में भूस्खलन की घटनाएं हुईं। इस गांव में कुल 48 परिवार 225 लोगों के साथ रहते हैं। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और चार लोगों की मौत की पुष्टि की हैं और कई लोगों के फंसे होने की आशंका जतायी गयी है। वहीं, विधान परिषद में राज्य विपक्ष के नेता अंबादास दानवे भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत की। इस बीच राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय प्रशासन समेत बचाव दल पैदल चलकर पर्वतीय इलाके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।