महिलाओं में बढ़ रही है सर्वाइक्ल कैंसर की समस्या

डाक्टरों की टीम ने वर्मा लैब द्वारा आयोजित एक सेमिनार में रखी अपनी बात

महिलाओं में बढ़ रही है सर्वाइक्ल कैंसर की समस्या

सोनीपत - महिलाओं में होने वाले रोगों के बारे में डा. गुंजन नैन, डा. नीरु गिरधर, डा. नीरु गुप्ता, डा. स्वीटी कौशिक, डा. अंजु मिगलानी, डा. सुनीता अरोडा ने कहा कि आज के दौर में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइक्ल कैंसर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इससे बचने के लिए महिलाओं को किशोरावस्था से ही आवश्यक सावधानियां बरतने की जरुरत है।

साथ ही उन्हें इस बीमारी के कारण और निदान की जानकारी भी होनी चाहिए, ताकि इस समस्या को और बढऩे से रोका जा सके। डाक्टरों की टीम वर्मा लैब द्वारा आयोजित एक सेमिनार के दौरान पत्रकारवार्ता के दौरान विशेष बातचीत कर रही थी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सर्वाइक्ल कैंसर के प्रति जागरूक होना होगा। महिलाओं को इससे बचाव के लिए खान-पान और शरीर की सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में लड़कियों में छरहरी काया का दिवानापन छाया रहता है। खुद को छरहरा बनाने के लिए आमतौर पर लड़कियां डायटिंग करने लगती हैं। यहीं से लड़कियों में रोगों की शुरुआत होती है। अच्छे खान-पान के अभाव में वे कई प्रकार की बीमारियों का शिकार हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि अच्छा खान-पान स्वस्थ शरीर के लिए बेहद जरुरी है और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन बसता है। इसलिए शारीरिक व मानसिक तौर पर स्वस्थ रहने के लिए खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों और महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए खासतौर से पीरियड्स के दौरान सफाई बहुत जरुरी है।

साफ-सफाई उन्हें बहुत से रोगों से बचा सकती है। वर्मा लैब के संचालक प्रवीण वर्मा ने डाक्टरों की टीम की द्वारा बहुमूल्य विचार रखने के लिए आभार जताया और कहा कि स्वस्थ महिला से ही स्वस्थ समाज की बुनियाद पड़ती है। इसलिए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति ज्यादा जागरूक होना चाहिए।