पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में हमलों में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत, सात घायल

एक हमले में एफसी के दो जवान मारे गए और पांच जवान और एक पुलिसकर्मी सहित छह अन्य घायल हो गए।

पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में हमलों में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत, सात घायल

इस्लामाबाद :  पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग हमलों में एक पुलिसकर्मी और दो अर्धसैनिक बल के जवानों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी है।


सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने प्रांत के खैबर आदिवासी जिले में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (एफसी) के संयुक्त चेक पोस्ट पर हमला किया। एक हमले में एफसी के दो जवान मारे गए और पांच जवान और एक पुलिसकर्मी सहित छह अन्य घायल हो गए।


सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों ने स्थानीय समयानुसार लगभग 2:45 बजे चेकपोस्ट पर हथगोले फेंके और अत्याधुनिक बंदूकों से गोलीबारी की। एफसी और पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो वे भागने को मजबूर हो गए। घायलों को प्रांतीय राजधानी पेशावर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।


सूत्रों ने कहा कि प्रांत के टैंक जिले में एक अन्य हमले में आतंकवादियों ने स्थानीय समयानुसार तड़के लगभग 3:00 बजे पुलिस लाइन, आवास, कार्यालय और पुलिस के गोला-बारूद भंडार वाले परिसर पर गोलीबारी की। इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।


सूत्रों ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकवादी मौके से भाग गए और उन्हें पकड़ने के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक किसी भी समूह ने हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।